Breaking News

पनकी रेलवे पुल के ऊपर से गिरा युवक

कानपुर 31 अगस्त 2016 (महेश प्रताप सिंह). पनकी थाना क्षेत्र के अहिल्याबाई नगर रेलवे पुल के ऊपर से गिरने से एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पनकी पुलिस डायल 100 के सिपाहियों ने उसे राजाराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक युवक काफी डिप्रेशन में था।

जानकारी के अनुसार घायल युवक इश्तियाक हुसैन उम्र 22 वर्ष पुत्र अनवर हुसैन सहकार नगर मसवानपुर का रहने वाला है। उसकी कल निकाह होने की तारीख थी लेकिन यह घर से शाम 6:00 बजे से लापता था और उसका निकाह नहीं हो पाया। अस्पताल में इश्तियाक को होश आने पर उसने बताया कि उसे चक्कर आ गया था। जिसकी वजह से वह पुल के ऊपर से नीचे गिर गया था।

पुल की ऊंचाई करीबन 20 फुट थी, इसके बावजूद युवक की जान बचना एक चमत्‍कार से कम नहीं है। इलाकाई लोगों के अनुसार झाड़ियों में आवाज होने पर उन्‍होंने जाकर देखा तो वहां पर यह बेहोश पडा हुआ था। गिरने से युवक के सर और पैर में गम्भीर चोटें आईं है। घटना की सूचना राहगीर राजन शर्मा निवासी अहिल्याबाई नगर ने पुलिस और परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने युवक को पास के राजाराम हास्पिटल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि चार साल पहले इसने हाई स्कूल की परीक्षा पास की थी, उसके बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उनके मुताबिक वह काफी डिप्रेशन में था।