Breaking News

कानपुर - सपा नगर अध्‍यक्ष ने जनता दरबार लगा कर सुनी समस्‍यायें


कानपुर 25 जुलाई 2016 (शीलू शुक्‍ला). महात्मा गांधी और डॉ राम मनोहर लोहिया का कहना था की समाज के सबसे कमज़ोर वर्ग तक सरकार के फायदे पहले पहुंचे, इसी सोच को दिमाग में रखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नगर अध्यक्ष फ़ज़ल मेहमूद को जनता की तकलीफों और समस्याओं को समझ के उनका निस्तारण करने के लिए जनता दरबार लगाने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में समाजवादी पार्टी कार्यालय नवीन मार्किट में कानपुर नगर अध्यक्ष फजल मेहमूद ने जनता दरबार लगा कर प्रातः 11 से दोपहर 1 तक आम नागरिकों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के लिए कदम उठाए। कुछ समस्याओं को नगर अध्यक्ष फ़ज़ल मेहमूद ने सम्बंधित अधिकारियों से सीधे फोन के माध्यम से बात करके निस्तारित किया और बाकी समस्याओं को सोमवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिल के दस्तावेजों के साथ निस्तारित करवाएंगे। नगर अध्यक्ष की जनता दरबार कमेटी में महामंत्री अम्बर त्रिवेदी, उपाध्यक्ष बन्टी सेंगर, प्रवक्ता डॉ अभिमन्यु गुप्ता, वरिष्ठ नेता रियाजुद्दीन सिद्दीकी, सचिव जीतेन्द्र जयसवाल शामिल रहे और सब ने समस्याओं को सुना।

नगर अध्यक्ष फ़ज़ल महमूद ने कहा की हमें अध्यक्ष इसलिए बनाया गया क्योंकि मुख्यमंत्री जी जानते हैं की मैं आम लोगों के बीच में रहता हूँ, आम लोगों की समस्याओं को समझता हूँ। नगर अध्यक्ष जी ने कहा कुछ अधिकारी संवेदनहीन हो गए हैं। वो एसी में बैठ के जनता की तकलीफ को समझना ही नहीं चाहते । ऐसे अधिकारी अब सचेत हो जाएं। नगर अध्यक्ष फ़ज़ल मेहमूद ने कहा की कानपुर में अधिकारी को काम करना होगा। नगर प्रवक्ता डॉ अभिमन्यु गुप्ता ने बताया की मंगलवार से शुक्रवार तक कानपूर के छावनी, आर्यनगर, किदवई नगर, गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों को भी एक एक दिन अपनी विधानसभा में सड़क पे जनता के बीच में जनता दरबार कैंप लगाने का निर्देश नगर अध्यक्ष फ़ज़ल मेहमूद ने दे दिया है।

प्रवक्ता डॉ अभिमन्यु ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नगर अध्यक्ष फ़ज़ल मेहमूद जी चाहते हैं की वो ज़्यादा से ज़्यादा जनता की समस्याओं को सुन सकें और उन समस्याओं का निस्तारण हो सके। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी के स्पष्ट निर्देश हैं की जनता की समस्याओं को वृहद स्तर पे सुना जाए। मुख्यमंत्री जी ने कहा है की पार्टी कार्यालय में शनिवार को स्थानीय विधायक और रविवार को स्थानीय जिला अध्यक्ष द्वारा दरबार लगा के जनता की समस्यायाओं को सुना जाए और सोमवार को सम्बंधित अधिकारी को समस्याओं से अवगत कराया जाए। प्रवक्ता डॉ अभिमन्यु गुप्ता ने बताया की समस्याओं के प्रति मुख्यमंत्री और सम्बंधित मंत्री को भी भेजी जाएगी। दरबार में मुख्य रूप से राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ज़मीन कब्ज़े, पुलिस द्वारा उत्पीड़न, आर टी ओ, नाली और सीवर जाम, कॉलेज में दाखिला सम्बंधित शिकायतें ज़्यादा आईं। उपस्थित पीड़ितों ने मुख्यमंत्री के निर्देश पे आयोजित किये जा रहे जनता दरबार की बहुत तारीफ की। जनता ने कहा की कानपुर की जनता में जनता दरबार का यह तरीका बहुत पसंद किया जा रहा है। यह अखिलेश सरकार की जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाता है।