Breaking News

बलिया में शादी कर रहे प्रेमी को कनपुरिया प्रेमिका ने भिजवाया जेल

बलिया 18 अप्रैल 2016 (सुमित कुमार गुप्‍ता). सुखपुरा इलाके मेंं प्रेमिका को धोखा देकर अलग दुनिया बसाने चले एक इंजीनियर को उस समय झटका लगा, जब उसके तिलकोत्सव के ऐन मौके पर पहुंची कानपुर पुलिस ने चौकी पर बैठने से पहले ही उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इससे तिलकोत्सव की खुशी, क्षण भर में काफूर हो गयी। जहां डीजे की धुन पर कुछ देर पहले लोग थिरक रहे थे, वहां चंद मिनट में ही सन्नाटा पसर गया।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार सुखपुरा थाना क्षेत्र के करमपुर गांव निवासी रामप्रवेश राम का पुत्र अतुल कुमार कानपुर में जेई के पद पर तैनात था। उसी के विभाग में सहायक के पद पर कार्यरत एक लड़की से अतुल की नजरें चार हो गयीं। दोनों ने परिणय सूत्र बंधन में बंधने का संकल्प भी लिया। बताया जा रहा है कि काफी दिन तक दोनों वैवाहिक जोड़े की तरह साथ-साथ रहे। लेकिन किन्हीं कारणों से अतुल ने उस लड़की का साथ छोड़कर नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर की युवती से शादी करने की तैयारी कर लिया। शनिवार को उसका तिलकोत्सव था। इस बात की सूचना किसी तरह अतुल की प्रेमिका को मिल गयी।

शादी के कार्ड को आधार बनाकर उक्त युवती ने कानपुर के गोविन्द नगर थाने में इंजीनियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। प्रस्तुत साक्ष्य के आधार पर कानपुर पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को सुखपुरा थाना पहुंच गयी। सुखपुरा पुलिस के सहयोग से इंजीनियर के दरवाजे पर पहुंची कानपुर पुलिस ने अतुल को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों की माने तो अतुल की प्रेमिका ने उस पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। बताते चलें कि इंजीनियर अतुल की शादी काफी शान-शौकत से हो रही थी। उसे दहेज में चार पहिया वाहन भी मिली थी। शादी को भव्य बनाने के लिए अतुल व उसके परिवार वाले काफी तैयारी किये थे। शनिवार को तिलकोत्सव के लिए 1.5 कुंतल मीट का इंतजाम तो था ही, शाकाहारियों के लिए भी खास इंतजाम था। लेकिन कानपुर व सुखपुरा की पुलिस ने सब धुंआ कर दिया।