Breaking News

पंचाचूली ग्लेशियर टूटा, मंदाकिनी के आस-पास के क्षेत्रों पर संकट के बादल

नई दिल्ली 05 जनवरी 2016 (IMNB). पिथौरागढ़ जिले में करीब 22652 फीट की ऊंचाई पर स्थित पंचाचूली ग्लेशियर का एक हिस्सा अचानक टूटकर बलाती ग्लेशियर के ऊपर जा गिरा। ग्लेशियर का ये हिस्सा सोमवार सुबह करीब 4.30 बजे टूट गया। बलाती ग्लेशियर से ही छोटी नदी मंदाकिनी निकलती है जो आगे चलकर गौरी नदी में मिल जाती है।

 इस हिमखंड के पिघलने पर मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। इस ग्लेशियर के टूटने से मंदाकिनी नदी के किनारे स्थित साना, डोबरी, लेगा, मदकोट समेत अन्य इलाकों के लिए खतरा हो सकता है। इससे नदी के किनारे के हिस्सों में तबाही मच सकती है। एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने मंदाकिनी के किनारे स्थित सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को सूचना दे दी है। क्या है पंचाचूली ग्लेशियरः पंचाचूली ग्लेशियर हिमालय का एक ग्लेशियर है जो उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित है। ये पंचाचूली पर्वत के पश्चिम और पूर्व में जौहर घाटी और धर्मा घाटी पर है।