Breaking News

कानपुर - कल्‍यानपुर के वार्ड बयालीस में होगा पार्कों का सुंदरीकरण

कानपुर 25 नवम्‍बर 2015 (खुशबू सिंह चौहान). कल्यानपुर वार्ड बयालीस के आवास-विकास नं. तीन में पार्कों की कमी, साफ-सफाई व उनके रखरखाव की समस्या से जूझ रहे निवासियों के लिये राहतभरी खबर है। क्षेत्र में कृष्‍णा पार्क व पटेल पार्क सहित छः पार्को का सुंदरीकरण किया जायेगा।

वार्ड बयालीस में बीस काॅलोनियों पर एक पार्क है और क्षेत्र में पार्कोंं की संख्या लगभग चालीस से पैंतालीस बतायी जाती है। अतिक्रमण, समुचित साफ-सफाई व रखरखाव के कारण, बच्चों के खेलने योग्य पार्क का अभाव है। पार्षद संजय यादव ने खुलासा टीवी को बताया कि क्षेत्र में शीघ्र ही पार्कों का सुंदरीकरण किया जायेगा। पहले चरण में क्षेत्र में स्थित कृष्‍णा पार्क व पटेल पार्क सहित छः पार्कों का सुंदरीकरण करके, बच्चों के खेलने योग्य बनाया जायेगा। पार्षद ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिये निरन्तर कार्य किये जा रहे हैं। पिछले तीन वर्षो में क्षेत्र की लगभग सभी सड़कों का निर्माण करवाया गया है और उनमें प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गयी है। सीवर व नाली की समस्या से निवासियों को निजात मिली है। 

जिन स्थानों पर सड़क, सीवर आदि की समस्या है, उसके समाधान के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य की समस्या का समाधान जल्द ही किया जायेगा। इस समस्या के समाधान के लिये लव कुश पार्क में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व सरकारी विद्यालय के निर्माण की योजना बनायी जा रही है। गौरतलब है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य केन्द्र व सरकारी विद्यालय का अभाव है, जिससे क्षेत्रवासियों को शिक्षा व स्वास्थ्य सम्बन्धी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जनता से अपील करते हुये पार्षद ने कहा कि वे विकास सम्बन्धी समस्याओं से अवगत करायें, जिससें समस्याओं का समाधान कर, क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जा सके। क्षेत्र में हो रहे गैरकानूनी कार्यों व अराजक तत्वों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। 

सुमन सचान पूर्व पार्षद, वार्ड बयालीस ने बताया कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र का विकास धीमी गति से निरन्तर हो रहा है। क्षेत्र में विकास की धीमी गति का प्रमुख कारण समुचित बजट का नही मिलना है। जब सभी पार्षद अपने कार्यकाल में विकास कार्य करेगें, तभी वार्ड का सर्वांगीण विकास होगा। वर्तमान पार्षद को क्षेत्र की षिक्षा व स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिये। जिससे क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं का सामना न करना पड़े व गरीब बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और सुचारू रूप से पढ़ाई कर सके। क्षेत्रवासियों को भी, विकास कार्यो में सहयोग देना होगा, क्योकि जनता के सहयोग के बिना क्षेत्र का विकास असम्भव है।

-:जनता के विचार:- 

पिछले दस-पन्द्रह वर्षों में भी क्षेत्र में इतना विकास कार्य नही हुआ, जितना कि पिछले तीन वर्षों में हुआ है। क्षेत्र की लगभग सभी समस्याओं का समाधान किया गया है। - (विजय यादव, निवासी, आवास - विकास न. तीन) 

तीन वर्षों में पार्षद ने बहुत विकास कार्य करवाया है। पार्षद को कोई भी समस्या बताने पर समाधान जरूर किया जाता है। जबकि पहले ऐसा नही था, कई बार पूर्व पार्षद के पास जाना पड़ता था। - (रमाशंकर, निवासी, आवास - विकास न. तीन)

क्षेत्र में पार्क व ग्रीन बेल्ट का निर्माण करवाया जाना चाहिये। स्वास्थ्य व शिक्षा सम्बन्धी समस्या का समाधान किया जाना चाहिये। - (ज्ञानमती निवासी, आवास - विकास न. तीन)

पार्षद ने क्षेत्र की लगभग सभी समस्याओं का समाधान किया है। वे बहुत सर्पोटिव है। क्षेत्र में हो रहे गैरकानूनी कार्यों पर व अराजक तत्वों भी पर सख्त कार्यवाही की जानी चाहिये। - (निषी निवासी, आवास - विकास न. तीन)