Breaking News

वाराणसी - प्रतिकार यात्रा में बवाल, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस, पटकी लाठियां

वाराणसी 5 अक्‍टूबर 2015 (तारिक आज़मी). संत समाज की प्रतिकार यात्रा अंततः उपद्रव के अंजाम तक पंहुचा। आज लगभग 4 बजे वाराणसी के टाउन हाल से स्वामी अविमुक्तारेश्वरानंद के नेतृत्व में लगभग 10 हजार लोगों का एक जुलूस प्रतिकार यात्रा के रूप में निकला।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार इस यात्रा के पहले साध्वी प्राची ने खूब ज़ोर शोर से जनता के बीच भड़काऊ भाषण दिया। इसके बाद यात्रा निकली मगर साध्वी प्राची ने इस यात्रा में शिरकत नहीं की। यात्रा जब गोदौलिया चौराहे पर पहुंची तो यात्रा में शामिल युवकों ने चौराहे पर पुलिस पिकेट में आग लगा दी। पुलिस कर्मियों पर पथराव किया और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस पर पुलिस को मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। पहले आंसू गैस छोड़ी गई। उपद्रव फिर भी नहीं थमा तो पुलिस ने लठियां भी पटकी। पथराव में कई पुलिस कर्मी घायल हुये हैं। प्रतिकार यात्रा के युवकों की ओर से अभी भी पथराव हो रहा है। कई मीडिया कर्मियों के वाहन उपद्रवियों के द्वारा फूंक दिया गया है। कई सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुये हैं। सरकारी सम्पत्तियों को भारी नुक्सान हुआ है। शहर में तनाव व्याप्त है। सूत्राें के अनुसार शहर के 4 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।