Breaking News

पाकिस्‍तान ने की पुंछ में गोलाबारी, एक की मौत सात घायल

जम्मू 07 सितंबर 2015 (IMNB). पाकिस्तान लगातार भारतीय सीमा में गोलाबारी कर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। आज सुबह भी सीमा पार से जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान ने मोर्टार दागे। इस गोलाबारी में एक नागरिक की मौत हो गई है जबकि सात अन्य के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार गाेलीबारी की आड़ में पाक सीमा पार से आतंकियों को भारतीय सीमा में दाखिल कराने की काेशिश कर रहा है। दूसरी ओर आज व्यापारियों ने बाढ़ पीडि़तों को राहत देने की मांग पर श्रीनगर में बंद का भी आहवान किया है। उनके इस मांग के समर्थन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राज्य की पीडीपी-भाजपा सरकार ने यहां के बाढ़ पीडि़तों की सहायता के नाम पर कुछ नहीं किया है। इस मौके पर उन्होंने केंद्र को भी आड़े हाथों लिया है। गौरतलब है कि कल भी पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा की कई चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की गई थी। इसका सुरक्षाबलों ने करारा जवाब दिया था। पाकिस्तान की ओर से इस तरह की हरकतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भारत लगातार पाकिस्तान की इस करतूत को अंतरराष्ट्रीय मंच से भी उठाता रहा है। बावजूद इसके वह बाज नहीं आ रहा है।