Breaking News

यमन में सउदी अरब का हमला, 20 भारतीयों की मौत

सना 10 सितंबर 2015 (IMNB). यमन के होदीदाह बंदरगाह पर सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन फौजों के हवाई हमले में 20 भारतीयों के मारे जाने की खबर है। स्थानीय लोगों और मछुआरों ने बताया कि हमला तेल तस्करों को निशाना बनाकर किया गया था। इसमें दो नावें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। स्थानीय खबरों के मुताबिक होदिदाह बंदरगाह के निकट अल खोखा में हमला हौती विद्रोहियों और उसके सहयोगियों पर किया गया था।

 हालांकि हमले के उद्देश्य के बारे में अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। भारतीयों के मारे जाने के संबंध में भी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। समझा जाता है कि हौदीदाह बंदरगाह का इस्तेमाल तेल तस्करों द्वारा किया जाता है। यमन के स्वतंत्र सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक मरीब प्रांत में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हवाई हमले किए जिसमें 12 शिया विद्रोही मारे गए। हौती विद्रोही समूह के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि मंगलवार को 20 से अधिक हवाई हमले किए गए। सऊदी नेतृत्व के ताजा हमले उस घोषणा के एक दिन बाद किए गए हैं, जिनमें कहा गया था कि यमन को हौती विद्रोहियों से मुक्त करने के लिए यमनी लड़ाकों की फौज तैयार है। शुक्रवार को हौती विद्रोहियों के हमले में 60 सैनिकों के मारे जाने के बाद गठबंधन फौजों ने हथियारों से लैस बड़ी संख्या में लड़ाकों को यमन रवाना किया है।