Breaking News

हिमाचल प्रदेश - धर्मपुर में बादल फटने से तबाही, एक की मौत, पांच बसें फंसी

मंडी 08 अगस्त 2015 (IMNB). हिमाचल प्रदेश के मंडी में आज सुबह बादल फटने की वजह से कोहराम मच गया। प्रारंभिक रूप से मिल रही खबरों के अनुसार बादल फटने की वजह से हुई जोरदार बारिश में यहां का बस स्टैंड डूब गया, 5 बसें बह गई और दो मकान भी धराशायी हो गए हैं। वहीं, धर्मपुर के तनेहड पंचायत में मकान में दबे 3 लोगों में से एक महिला शीशा देवी का शव निकाला गया। जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है।

उपायुक्त मंडी संदीप कदम धर्मपुर रवाना हो गए हैं। पुलिस दल के साथ एडीएम विवेक चन्देल धर्मपुर रवाना हो चुके है। लोक निर्माण विभाग को बंद सड़क मार्ग बहाल करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। धर्मपुर पहुंचने के लिए अलग अलग रास्तों से टीमें भेजी गई। मंडी के फिनिक्स स्कूल की सुरक्षा दीवार तक सुकेती नदी का पानी पहुंच गया है और स्कूल को बंद कर दिया गया है। हालांकि, फिलहाल इसमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है लेकिन बताया जा रहा है कि बस स्टेशन पर अभी 11 लोग फंसे हुए हैं। खबरों के अनुसार बादल फटने की घटना मंडी के धरमपुर में हुई है। लेकिन बाढ़ के कारण मंडी में भी कई मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। 

राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तुरंत राहत और बचाव कार्य जारी रखने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ की पुलिस-प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है। साथ ही लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है और नदियों से दूर रहने को कहा गया है। मंडी जिला में अब भी मूसलाधार बारिश जारी। प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। वहीं, बल्ह में सब्जी के खेतों में बाढ़ का पानी घुस गया है और बल्ह घाटी में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। गटकर में ऑटोमोबाइल कम्पनियों ने अपने शोरूम खाली करना शुरू कर दिये हैं। समूचा बाजार बंद है। सूत्रों के अनुसार घटना आज सुबह की है जिस वजह से लोगों को संभलने का वक्त मिल गया और वो सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। अगर यह हादसा एक या दो घंटे बाद हुआ होता तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा का कहना है कि जानमाल का काफी नुकसान हुआ है।