Breaking News

पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, गोलीबारी में एक जवान शहीद

पुंछ 30 जुलाई 2015. पाकिस्तानी सैन्य बलों ने एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास कई भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। इस हमले सेना के एक जवान शहीद हो गए। सेना के एक प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तान सैन्य बलों ने कल रात 10 बजकर 45 मिनट पर पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से हमला किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद भारतीय सैन्य बलों ने जवाबी कार्रवाई की और रात साढे 11 बजे तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही।

इस दौरान भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। इसके अलावा पाकिस्तान ने एलओसी के मच्छेल सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन कर भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की। बुधवार सुबह 11:40 और दोपहर 12:30 बजे पाकिस्तान की ओर से दो बार गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी बंद कर दी गई। पाकिस्तानी सैन्य बलों ने 15 जुलाई के बाद से सातवीं बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। अभी तक सीमा पार से हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति मारा गया है और 16 अन्य लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तानी सेना ने जुलाई में 11 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान सैन्य बलों ने गत शनिवार को भी राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर और पुंछ के दो गांवों में कई भारतीय ठिकानों को निशाना बनाया था जिसमें पांच नागरिक घायल हो गए थे। 

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से पाकिस्तानी सेना सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है। कुछ दिनों पहले भी श्रीनगर में दो मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों के कार्यालयों के अलावा बीएसएनएल के टावर पर भी ग्रेनेड हमला किया गया था जिसमें ऑफिसों के नुकसान के अलावा एक व्यक्ति के घायल होने की भी पुष्टि हुई थी। इसके बाद श्रीनगर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था। बुधवार को हुए इस हमले में आठ लोग घायल हुए हैं। बता दें कि गुरदासपुर के दीनानगर में सोमवार को आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा के एक पड़ाव कटरा जा रही बस को निशाना बनाया था। उस दिन भी पाकिस्तान ने सीजफायर का उलंघन किया था। आईबी पहले ही अलर्ट जारी कर चुकी है कि अमरनाथ यात्रियों को आतंकी निशाना बनाने की फिराक में हैं।