Breaking News

कानपुर - वकील को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल

कानपुर 7 जुलाई 2015. आज दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने कोर्ट जा रहे एक अधिवक्ता की हत्या का प्रयास किया। गोली लगने से अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हैं। उनको एक निजी अस्तपाल में भर्ती कराया गया है जबकि घटना के विरोध में सिविल कोर्ट में हड़ताल हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है।
प्राप्‍त जानकारी के अनुसार कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के परमट निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मी रामशंकर सिंह के छोटे बेटे विकास सिंह उर्फ विक्की ठाकुर (24) आज साढ़े दस बजे के करीब बाइक से कचहरी जा रहे थे। डीएवी कालेज ब्वायज हास्टल के सामने पीछे से आए बाइक सवारों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गये। विक्की ठाकुर वहीं सड़क पर अचेत होकर गिर पड़े। जमीन पर खून और घायल व्यक्ति को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस विकास को लेकर उर्सला अस्पताल पहुंची जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रीजेंसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। विकास के पेट में गोली लगने के बाद आर-पार हो गयी है। घटना के बाद वकीलों में आक्रोश है। साथी पर हमले के विरोध में वकीलों ने कचहरी में हड़ताल कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीएम सिटी अविनाश सिंह, एसपी पूर्वी सहित कोतवाली सीओ जीतेन्द्र श्रीवास्तव, एसओ व कई थानों का फोर्स रीजेन्सी अस्पताल पहुंच गए। एडीएम सिटी ने गुस्साए अधिवक्ताओं को शांत कराते हुए हमलावर बदमाशों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।। एसपी पूर्वी डी प्रदीप ने बताया कि अधिवक्ता को गोली मारने के पीछे जमीन का विवाद सामने आ रहा है।

(योगेन्‍द्र अग्निहोत्री एवं महेश प्रताप सिंह -  खुलासा टीवी कानपुर )