Breaking News

फर्जी डिग्री केस में दिल्‍ली के कानून मंत्री गिरफ्तार, साकेत कोर्ट में होगी पेशी

नई दिल्ली 09 जून 2015. दिल्ली सरकार में कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को पुलिस ने उन्हें उनके दफ्तर से गिरफ्तार किया। पहले उन्हें हौजखास और फिर वसंत विहार थाने ले जाया गया। बाद में वहां अाप नेता कुमार विश्वास और आशुतोष भी पहुंचे। तोमर को दोपहर दो बजे साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आप के प्रवक्ता संजय सिंह ने तोमर की गिरफ्तारी की जानकारी ट्वीट के जरिए दी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता से डरी हुई है और इसी के चलते ऐसी कार्रवाई की जा रही है। सिंह ने कहा कि अगर केंद्र सरकार यह सोचती है कि जेल और लाठी से आम आदमी की आवाज दबा देंगे तो यह नामुमकिन है। तोमर की गिरफ्तारी सरासर असंवैधानिक और गैरकानूनी है। उन्हें बिना किसी नोटिस दिए गिरफ्तार किया गया है। इस बीच दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बी एस बस्सी ने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। वहीं पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि तोमर के खिलाफ ठोस सबूत हैं इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मामले की पूरी जानकारी विधानसभा स्पीकर और गृह मंत्रालय दे दी गई है। उधर, स्पीकर ऑफिस द्वारा एक बयान में गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए कहा गया है कि दिल्ली पुलिस को बिना सदन की अनुमति के किसी सदस्य को हिरासत में लेने का भी अधिकार नहीं है। बता दें कि तोमर के खिलाफ कानून की फर्जी डिग्री रखने का मामला दर्ज कराया गया था। उन पर आइपीसी की धारा 420, 467, 468, 120बी लगाई गई है। दिल्ली बार काउंसिल ने पहले ही तोमर का लाइसेंस सस्पेंड कर रखा है। तोमर ने दावा किया था कि उनकी डिग्री 100 फीसद सही है। उन्होंने बिहार के भागलपुर स्थित तिलका मांझी यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल करने का दावा किया था।

(IMNB)