Breaking News

भारत को झटका देकर चीन ने संयुक्त राष्ट्र में पाक को बचाया

संयुक्त राष्ट्र 23 जून 2015. चीन ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकीउर रहमान लखवी की रिहाई को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वाले भारत के कदम को रोक दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रतिबंधों से जुड़ी संयुक्त राष्ट्र की समिति ने भारत के आग्रह पर बैठक की, जिसमें मुंबई हमले के मामले में लखवी की रिहाई को लेकर पाकिस्तान से स्पष्टीकरण मांगा जाना था। लेकिन, चीन के प्रतिनिधियों ने यह कहते हुए इस कदम को रोक दिया कि भारत ने पर्याप्त सूचना नहीं दी है।
समिति के मौजूदा प्रमुख जिम मैकले को लिखे पत्र में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अशोक मुखर्जी ने पिछले महीने कहा था कि लखवी को पाकिस्तानी अदालत द्वारा रिहा रावलपिंडी की जेल से रिहा किया जाना आतंकवादी संगठनों पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव का उल्लंघन है। इस पत्र में कहा गया था कि प्रतिबंध संबंधी कदम अल-कायदा और लश्कर-ए-तैयबा सहित आतंकवादी संगठनों के सदस्यों और उससे जुड़ीं इकाइयों पर लागू होता है। समिति में संयुक्त राष्ट्र के पांचों स्थायी देश और 10 अस्थायी देश होते हैं। लखवी की रिहाई को लेकर अमेरिका, रूस, फ्रांस और जर्मनी में चिंता जताई गई थी और उसकी फिर से गिरफ्तारी की मांग की गई थी। मुंबई हमले को लेकर लखवी और छह अन्य लोगों को पाकिस्तानी में अभियुक्त बनाया गया। नवंबर, 2008 में मुंबई के कई प्रमुख स्थानों पर हुए आतंकवादी हमले में 166 लोग मारे गए थे। पाकिस्तान की एक अदालत ने इस साल 9 अप्रैल को लखवी को रिहा किया था। इस पर भारत ने कहा कि लखवी की रिहाई से पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद पर बार-बार दिए गए आश्वासनों की अहमियत का क्षरण हुआ है।

(IMNB)