Breaking News

कानपुर - कुली बाजार में भीषण धमाके के साथ उडी मकान की धज्जियां

कानपुर 16 जून 2015. थाना बादशाही नाका के कुली बाजार में उस समय दशहत फैल गयी जब एक जोरदार धमाके के बाद चीख पुकार से इलाका गूंज उठा। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसने आस-पास के तीन और मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गिरे मकानों के मलबे में कई लोग दब गये। हादसे में चारों तरफ चीख पुकार मच गयी तो क्षेत्रीय लोग भी दहशतजदा हो गये। सूचना पाकर मौेके पर पहुंचे अधिकारियों ने पुलिस फोर्स केे साथ मिलकर स्थानीय लोगों की सहायता से मलबे को हटाकर उसमें दबे लोगों को निकालना शुरू किया।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी वहीं कई अन्य घायल हो गये। बडे स्तर पर तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया गया तथा मलबे से निकले घायलों को तत्काल इलाज के लिए उर्सला अस्पताल भेजा गया। प्राप्‍त जानकारी के अनुसार कुली बाजार के मकान 76/438 में रहने वाले कमर के पुत्र जमील के घर में कल सुबह अचानक एक तेज धमाका हुआ जिसके बाद चारों ओर धूल ही धूल बिखर गयी। बताया जाता है कि मकान बहुत पुराना था। विस्फोट के साथ ही पूरा मकान भरभराकर गिर गया। धमाका इतना तेज था कि आस पास के मकानों को भी भारी क्षति पहुंची। वहीं धमाका सुनकर क्षेत्र में हडकंप मच गया। लोग घटना स्थल की ओर भागे। विस्फोट की क्षमता इतनी ज्यादा थी के पास में बने अनीश अहमद, मुमताज व मो0 अबरार के मकान भी बुरी तहर क्षतिग्रस्त हो गये। सूचना पाकर मौके पर एडीएम सिटी, सीओं कलक्टरगंज, सीओं अनवरगंज, एओं बादशाही नाका और कलक्टरगंज थाने की फोर्स पहुंची गयी तथा लोगों की मदद से मलबा हटाया जाने लगा। हादसे में हिबा अनवार की तीन वर्षीय पुत्री व सुमेरा अजुंम की मौत हो गयी। वहीं बताया गया कि मलबे में दबकर अबरार अहमद उसकी पत्नी, बेटाें इफ्तिखार और अनवर तथा बेटी जेबा को चोट आई है। वहीं पडोस के दो अन्य लोगों के मकान भी इस हादसे में ढह गये।
कमर इस्लाम के साथ उनकी पत्नी अकील बानों, बबेटी सुमेरा को भी चोटें आई तो मुमताज और उनके पति दानिश भी मामूली रूप से घायल हुये। इलाके में रहने वाले मो0 शीश ने बतायाकि वह सुबह अपने काम पर जाने को तैयार हो रहे थे कि एक जोरदार धमाका हुआ और जबतक वह कुछ समझ पाते मकान की छत ढह गयी। बताया कि एस समय घर में उनकी पत्नी रेशमा बानो भी थी। बताया कि वह किसी प्रकार मलबे से निकले। इतना जोरदार धमाका किस चीज का था इस बात पर जांच की बात कही गयी, हलांकि प्रथम दृष्टया सिलेण्डर फटने की बात कही जा रही है। मौके पर पंहुची पुलिस व खुफिया विभाग ने सिलेण्ड से इतने तेज धमाके की बात नकार दी है। हादसे के स्थान पर कहीं भी सिलेण्डर के टुकडे नही मिले। वहीं बताया गया कि धमाकों की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। फिलहाल यदि धमाका सिलेण्डर का नहीं था तो किस चीज का था यह एक रहस्य बना हुआ है। लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि इलाके में आधा किलोमीटर तक उसकी गूंज सुनाई दी, फिलहाल धमाका किस चीज का था अभी इसकी पुष्टि नही हो सकी है पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गयी है।

(महेश प्रताप सिंह)