Breaking News

कानपुर - विवाहिता ने संदिग्ध हालातों में लगायी फाँसी, परिजनों को हत्या का शक

कानपुर 15 मई 2015. पनकी थानाक्षेत्र स्थित रतनपुर कालोनी में शुक्रवार की सुबह विवाहिता का शव दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को नीचे उतार कर जांच में जुट गई। जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष ने बेटी की मौत का आरोप दामाद व ससुरालियों पर लगाया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्‍त जानकारी के अनुसार रतनपुर कालोनी में रहने वाले पंकज कुमार प्राइवेट नौकरी करके परिवार का भरण पोषण करते है। घर में पत्नी शीला व एक साल का बच्चा है। आज सुबह सभी परिवार के लोग इकठ्ठा होकर कमरे में नाश्ता कर रहे थे। लेकिन पत्नी शीला नाश्ता करने के लिए नहीं आई। पत्नी को जगाने के लिए पंकज कमरे में पहुंचे तो उसका शव दुपटटे के सहारे पंखे से झूल रहा था। पत्नी के शव को देखकर वह जोर से चिल्लाते हुए कमरे के बाहर निकले और जानकारी परिवार को दी। बहू की मौत हो जाने पर घर में रोना पीटना मच गया। पंकज ने घटना की जानकारी तत्‍काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर कब्जे में ले लिया और जांच पड़ताल शुरु कर दी। मामले की जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग भी आ गए और बेटी की शव देखकर बवाल करने लगे। पुलिस ने परिवार को शांत कराया और पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया। थानाध्यक्ष नन्हेलाल के पूछताछ करने पर परिजनों ने कोई कारण नहीं स्पष्ट किया है। जिससे पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच पड़ताल में जुट गई है।⁠⁠⁠

(महेश प्रताप सिंह)