Breaking News

मेरठ - एक ही परिवार के 7 लोगों पर तेजाब से हमला, 1 गिरफ्तार

नई दिल्ली 29 मई 2015. उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के सात लोगों पर तेजाब से हमला किया गया है। इस हमले में सभी लोग बुरी तरह झुलस गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज व हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। दरअसल घटना बीती रात की है, जहां लिसाड़ी गेट के शौकीन गार्डेन में रहने वाले एक मुस्लिम परिवार पर तेजाब से हमला किया गया।
हमले का आरोप परिवार के ही करीबी रिश्तेदार पर लगाया गया है। हमला पति-पत्नी समेत पांच और लोगों पर किया गया। जिसमें चार महिलाएं व एक छह महीने का नवजात भी शामिल है। सभी को मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है। क्या है पूरा मामला करीब डेढ़ साल पहले निसार ने अपने बेटी उजमा की शादी पड़ोस के ही गांव के एक नौजवान शाजिद से की थी। शादी के कुछ दिन बाद से दोनों में विवाद चलने लगा। इस दौरान उजमा ने लिसाड़ी गेट थाने में अपने देवर के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उजमा ने अपने देवर माजिद पर दुष्कर्म व मारपीट का आरोप लगाया। सूचना के मुताबिक, ससुराल वालों से झगड़े के बाद निसार अपने माता-पिता के साथ उनके घर रहने लगी। बीती रात निसार और उसके सभी बच्चे घर की छत पर सो रहे थे। उजमा का पति शाजिद, उसका भाई माजिद और रिजवान अपने एक साथी वसीम के साथ उजमा के घर पहुंचा। ये लोग अपने साथ तेजाब से भरा एक बड़ा गैलन लेकर आए थे। रात में अंधेरे का फायदा उठाकर ये लोग बाहर की दीवार के सहारे सीढ़ी लगाकर निसार के छत पर चढ़ गए। छत पर निसार का पूरा परिवार सो रहा था। तभी शाजिद और उसके भाइयों ने तेजाब से भरा गैलन छत पर सो रहे सभी लोगों पर उड़ेल दिया और फिर वहां से फरार हो गए। वारदात में उजमा उसके माता-पिता निसार व निसकिना बुरी तरह झुलस गए। इसके अलावा उजमा की तीन बहनें तरन्नुम, गुलिस्ता और निशा भी झुलस गई हैं। तरन्नुम का छह महीने का नवजात भी इस वारदात का शिकार हो गया। फिलहाल सभी का इलाज मेडिकल कॉलेज हॉस्पीटल में चल रहा है, जहां उजमा की हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध वसीम को पकड़ लिया है, जबकि उजमा का पति व उसके भाई माजिद व रिजवान फरार हैं। फिलहाल पुलिस वसीम से पूछताछ कर रही है।

(IMNB)