Breaking News

गिरिराज सिंह छोटी सोच के आदमी हैं : सोनिया गांधी

नीमच। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की उन पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ‘वे छोटी सोच वाले व्यक्ति हैं।' सोनिया इस समय मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं, जहां वह बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से बेहाल किसानों से मिल रही हैं।
दरअसल, गिरिराज सिंह ने बुधवार को सोनिया गांधी और उनके परिवार पर निजी हमला किया था, जिसका कांग्रेस समेत सभी राजनैतिक दलों ने विरोध किया था। गिरिराज की इस टिप्पणी के विरोध में आज देशभर में कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। खुद गिरिराज सिंह की पार्टी के नेताओं ने उनकी इस टिप्पणी के लिए उनकी क्लास लगाई। ऐसी ख़बरें आईं कि वित्तमंत्री अरुण जेटली और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गिरिराज से माफ़ी मांगने को कहा, जिसके बाद गिरिराज सिंह ने सार्वजनिक तौर पर खेद जताया था। गिरिराज ने मंगलवार को पटना में संवाददाताओं से कहा था, यदि राजीव गांधी ने नाइजीरिया की महिला से शादी की होती और वह महिला श्वेत नहीं होती तो क्या तब भी कांग्रेस उन्हें अपने नेता के रूप में स्वीकार करती? अपनी इस टिप्पणी पर चौतरफा आलोचना झेलने के बाद गिरिराज ने बुधवार को इस पर खेद व्यक्त करते हुए कहा था कि उन्होंने यह टिप्पणी अनौपचारिक बातचीत के दौरान की थी। बकौल गिरिराज, अनौपचारिक बातचीत के दौरान कई तरह की बातें होती हैं। यदि मेरी टिप्पणियों से सोनिया जी या राहुल जी को ठेस पहुंची है, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। पत्रकारों से ही बात करते हुए राहुल गांधी के मुददे पर सोनिया गांधी ने मध्य प्रदेश स्थित नीमच में कहा, राहुल जल्द सबके सामने आएंगे और लैंडबिल पर हम कोई समझौता नहीं करेंगे।

(IMNB)