Breaking News

लंबी छुट्टी से देर रात घर लौटे राहुल गांधी ?

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की छुट्टी से ज्यादा उनकी घर वापसी पर सस्पेंस बढ़ रहा है। कुछ सूत्रों  के मुताबिक राहुल बुधवार देर रात लंबी छुट्टी से वापस लौट चुके हैं और वह शाम तक मीडिया के सामने भी आ सकते हैं। वहीं कुछ उनके आज देर रात दिल्ली लौटने की बात कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस राहुल की घर वापसी पर चुप्पी साधे हुए है। कांग्रेस की तरफ अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
राहुल करीब दो महीनों से छुट्टी पर हैं। कहा जा रहा है कि राहुल दिल्ली में 19 अप्रैल को होने वाली कांग्रेस की किसान रैली में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह भारत भ्रमण पर निकलेंगे। राहुल गांधी के संसद के अहम सत्र से पहले छुट्टी पर चले जाने पर काफी विवाद हुआ था। विरोधी दलों के नेताओं से लेकर उनकी पार्टी के ही कई बड़े नेताओं ने उनकी छुट्टी की टाइमिंग पर सवाल उठाए थे। कुछ कांग्रेसी नेताओं ने उनके उत्तराखंड में छुट्टियां बिताने का भी दावा किया था। सूत्रों का कहना है कि 19 अप्रैल की रैली में नए राहुल गांधी नए तेवर में नजर आने के बाद देश के तमाम राज्यों में जाकर लोगों से मिलेंगे। लोगों की समस्याओं को उठाएंगे। ऐसी भी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि राहुल गांधी आज अपने अज्ञातवास से लौट सकते हैं। 19 अप्रैल को होने वाली कांग्रेस की किसान रैली के लिए दिल्ली और हरियाणा में सबसे ज्यादा तैयारियां चल रही हैं। मैदान में लोग जुटाने की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी दिल्ली और हरियाणा की है। ऐसी भी जानकारी है कि इस बार हरियाणा से आने वाले लोग पगड़ी की बजाय रैली में पिंक कलर की टोपी में नजर आ सकते हैं। सूत्र बताते हैं पिंक टोपी पहने लोगों की संख्या 50 हजार के आसपास हो सकती है। उधर, दिल्ली में कांग्रेसी कार्यकर्ता सत्यमेव जयते की टोपी में नजर आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि रामलीला मैदान के अंदर और बाहर करीब 1 लाख के करीब लोग जुट सकते हैं। रैली को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी संबोधित करेंगी। इसके अलावा राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और यूपी के कांग्रेसी नेता भी रैली में शामिल होंगे।

(IMNB)