Breaking News

गडकरी पर झल्लाये दिग्विजय, फिर मांगी माफी

नई दिल्ली 25 अप्रैल 2015. कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह एक टीवी डिबेट के दौरान केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पर झल्ला गए। मगर तुरंत ही उन्होंने खुद को संभाला और माफी मांग ली। गडकरी ने भी बात हंसी में टाल दी। लैंड बिल के मसले पर न्यूज चैनल 'आज तक' पर डिबेट हो रही थी। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और यूनियन ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर नितिन गडकरी बहस के लिए आमने-सामने थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह यह बता रहे थे कि किस तरह से सरकार का बिल किसान विरोधी है।
बहस के बीच दिग्विजय सिंह यूपीए सरकार द्वारा बनाए गए कानून और बीजेपी सरकार द्वारा लाए गए ऑर्डिनेंस की तुलना कर रहे थे। कुछ डॉक्युमेंट्स पलटते हुए उन्होंने कहा, 'पहली बात तो यह है कि यह 2013 का गजट नोटिफिकेशन है और यह ऑर्डिनेंस बिल' इससे पहले कि दिग्विजय अपनी बात पूरी करते, गडकरी उन्हें टोकते हुए बोले, 'निकालो न उसे, उसमें क्या लिखा हुआ है।' इस तरह से टोके जाने पर दिग्विजय झल्ला गए। उन्होंने तुरंत कहा, 'सुन तो लो यार।' इसके तुरंत बाद ही वह बोले, 'माफ करिएगा, यार नहीं। माफ करिएगा नितिन जी।' इस पर नितिन ने मुस्कुराते हुए कहा, 'नहीं, कोई बात नहीं। सॉरी, आप बोलिए।' इसके बाद बहस जारी रही और दिग्विजय पॉइंट्स गिनाते रहे। उन्होंने आगे कहा कि आपने बिल में असत्य बात कही है। इस पर गडकरी ने कहा कि बताइए इसमें कहां असत्य बात है। इस पर दिग्विजय फिर थोड़े चिढ़े हुए नजर आए और उन्होंने डॉक्युमेंट्स गडकरी की तरफ बढ़ाते हुए कहा कि जो आप बात आप कह रहे हैं, बताइए कि इसमें वह कहां है। गडकरी ने भी वह कागजात पकड़े और कुछ कहने लगे, मगर दिग्विजय ने इस दौरान बोलना जारी रखा। इस बीच वह कोई पॉइंट भूल गए। रेफरेंस लेने के लिए उन्होंने गडकरी से फिर वे डॉक्युमेंट्स मांग लिए। गडकरी ने भी मुस्कुराते हुए उन्हें दिग्विजय की तरफ बढ़ा दिया। इस तरह की नोकझोंक को देखकर स्टूडियो में मौजूद ऑडियंस भी हंस रही थी।

(IMNB)