Breaking News

'आप' सांसद धर्मवीर गांधी तोड़ना चाहते हैं पार्टी से नाता

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) में पिछले कई दिनों से मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन कोई न कोई नया विवाद या फिर अंसतुष्ट नेता के पार्टी छोड़ने की बात सामने आ रही है। अब पटियाला से पार्टी के सांसद धर्मवीर गांधी ने पार्टी छोड़ने की ईच्छा जताई है।
गांधी का आरोप है कि उनके खिलाफ पार्टी में दुष्प्रचार किया जा रहा है। गांधी पिछले दिनों पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति और राष्ट्रीय कार्यकारिणी से योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को निकालने का विरोध जताते हुए उनके साथ दिखाई दिए थे। सूत्रों का कहना है कि पार्टी की नीतियों से नाखुश धर्मवीर गांधी ने 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी लिखकर उनके खिलाफ पार्टी में दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। कहा जा रहा है कि चिट्ठी में गांधी ने यादव और भूषण को पीएसी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी और मुख्य पदों से हटाए जाने पर भी सवाल खड़े किए हैं। गांधी ने एडमिरल रामदास को हटाए जाने के मामले पर भी सवाल खड़ा किया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों से जारी घमासान के बीच या तो पार्टी असंतुष्ट नेताओं को किनारे कर रही है या फिर नेता खुद इस्तीफा देकर पार्टी से दूर हो रहे हैं। राकेश सिन्हा को पार्टी ने हाल ही में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पद से सस्पेंड किया है। इससे पहले एडमिरल रामदास को लोकपाल पद से हटाया गया था।

(IMNB)