Breaking News

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोनिया गांधी पर की नस्लीय टिप्पणी

नई दिल्ली। अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस बार ऐसी टिप्पणी की है, जिससे हर तरफ उनकी आलोचना हो रही है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा है कि अगर राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियन महिला से शादी की होती, तो क्या पार्टी उस महिला का नेतृत्व स्वीकारती।
पिछले दिनों जेडीयू नेता शरद यादव ने संसद में साउथ इंडियन महिलाओं के रंग के ऊपर कॉमेंट किया था। जब उनसे माफी मांगने के लिए कहा गया, तो उन्होंने स्मृति ईरानी पर ही टिप्पणी कर दी। मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह भी अब शरद के नक्शे कदम पर चल पड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर नस्लीय टिप्पणी कर डाली। हाजीपुर में गिरिराज सिंह ने कहा, 'अगर राजीव गांधी कोई नाइजीरियन लेडी से ब्याह किए होते, गोरी चमड़ी न होती तो कांग्रेस पार्टी उसका नेतृत्व स्वीकारती क्या?' कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए गिरिराज ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मलयेशिया के लापता विमान का आज तक पता नहीं चला, उसी तरह से राहुल कहां गायब हैं, किसी को नहीं मालूम। यह पहला मौका नहीं है, जब गिरिराज ने ऐसी टिप्पणी की हो। साल 2014 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि मोदी विरोधियों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए। इस मामले में उनके खिलाफ भड़काऊ भाषण देने का केस भी दर्ज हुआ था।

(IMNB)