Breaking News

पा‍क जेल से जल्‍द छूटेगा लखवी, भारत ने जताया विरोध

इस्लामाबाद। मुंबई हमले का मास्टरमाइंड जकिउर रहमान लखवी जल्द ही जेल से रिहा हो जाएगा। इस्लामाबाद हाइकोर्ट ने उसे आज जमानत दे दी है। हाईकोर्ट ने कहा है कि लखवी को जेल में रखा जाना गैरकानूनी है। इस्लामाबाद हाई कोर्ट के जज नूरूल हक ने लखवी को तत्काल जेल रिहा करने का आदेश दिया है।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू का कहना है कि यह पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि ऐसे तमाम कानूनी उपाय करे, ताकि लखवी जेल से बाहर न आ पाए। पाकिस्तान सरकार ने पांच मार्च को लखवी के खिलाफ आरोपों की सूची कोर्ट के समक्ष पेश की थी। उधर, लखवी के वकील राजा रिजवान ने कहा कि इससे पहले भी कोर्ट से जमानत मिल जाने के बाद भी लखवी को अफगान नागरिक को अगवा करने के झूठे मामले में जेल में रखा गया। गौरतलब है कि लखवी भारत के मोस्टवांटेड आतंकियों में शामिल है। पाकिस्तानी अदालत में उस पर मुंबई हमले में शामिल होने के आरोप में केस चल रहा है। मुंबई में उस आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे और सैकड़ों घायल हो गए थे।

(IMNB)