Breaking News

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, माकन को दिल्ली की कमान

नई दिल्ली. देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस में बड़ा फेरबदल हुआ है। पार्टी ने कई राज्यों के अध्यक्षों को बदल दिया है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद से ही पार्टी के भीतर इन बदलावों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो चली थी।
इस बड़े बदलाव में पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के पसंद की छाप साफतौर पर देखी जा सकती है। दिल्ली में अरविंदर सिंह लवली की कुर्सी छीनकर राहुल के भरोसेमंद अजय माकन को कमान सौंपी गई है। दिल्ली चुनाव में लवली के न उतरने से ही इस बात के कयास तेज हो चले थे। वहीं, महाराष्ट्र में माणिकराव ठाकरे को हटाकर अशोक चव्हाण को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद वह अपनी परंपरागत नांदेड़ सीट बचाने में कामयाब रहे थे। पूर्व सांसद संजय निरुपम को मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस ने वहां भी बदलाव किया है। सैफुद्दीन सोज की जगह गुलाम मीर को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी गई है। तेलंगाना में पार्टी ने उत्तम रेड्डी को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है।

(IMNB)