Breaking News

गैंग रेप - भारत में बैन, पर दुनिया ने देखी 'निर्भया डॉक्युमेंट्री'

नई दिल्ली। निर्भया गैंग रेप कांड से जुड़ी विवादित डॉक्युमेंट्री के प्रसारण पर भारत सरकार के बैन के बावजूद ब्रिटिश मीडिया कंपनी बीबीसी ने इसका प्रसारण कर दिया । हालांकि, बीबीसी ने कहा है कि भारत में इस डॉक्युमेंट्री को टेलिकास्ट करने की उसकी योजना नहीं है।
बीबीसी के चैनल-4 ने बुधवार रात 'इंडियाज़ डॉटर' नाम की इस डॉक्युमेंट्री का प्रसारण इंग्लैंड के साथ कुछ अन्य देशों मे भी किया। बीबीसी ने अपने एक बयान में कहा है कि दर्शकों के जबरदस्त इंट्रेस्ट को देखते हुए इसका प्रसारण कर दिया गया। गृह मंत्रालय को भेजे एक संदेश में बीबीसी ने कहा है कि भारत सरकार के निर्देश का पालन करते हुए वह डॉक्युमेंट्री का प्रसारण भारत में नहीं करेगा। इसी संदेश में ब्रिटिश मीडिया कंपनी ने कहा है कि उसने बुधवार की रात दस 10 ब्रिटेन में इसका प्रसारण किया है। ब्रिटिश फिल्ममेकर लेस्ली उडविन द्वारा निर्मित इस डॉक्युमेंट्री का प्रसारण दरअसल भारत सहित कई देशों में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) को किया जाना था। हालांकि, मंगलवार को सोशल मीडिया और बुधवार सुबह संसद में बवाल के बाद केंद्र सरकार ने विधिवत कोर्ट ऑर्डर लेकर इसके प्रसारण पर रोक लगा दी। गृह मंत्रालय ने बुधवार को ही बीबीसी, विदेश मंत्रालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इस डॉक्युमेंट्री को कहीं भी प्रसारित नहीं किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय अनुमति की शर्तों के कथित उल्लंघन को लेकर ब्रिटिश फिल्मकार लेस्ली उडविन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार कर रहा है। गृह मंत्री ने बुधवार को यह भी कहा कि ऐसे इंटरव्यू और जेल के अंदर शूटिंग की इजाजत देने वाले प्रावधानों की समीक्षा की जाएगी। दिल्ली की एक अदालत ने कहा कि गैंगरेप के दोषी मुकेश सिंह के इंटरव्यू के प्रसारण पर पाबंदी अगले आदेश तक जारी रहेगी। मुकेश का इंटरव्यू तिहाड़ जेल के भीतर किया गया था। गृह मंत्री ने संसद के दोनों सदनों को आश्वासन दिया था कि सरकार डॉक्युमेंट्री का प्रसारण करने की इजाजत नहीं देगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने आवश्यक कार्रवाई की है। अब देखना यह है भारत सरकार डॉक्युमेंट्री के प्रसारण हो जाने के बाद क्या कदम उठाती है।

(IMNB)