Breaking News

BJP के विरोध पर असेंबली में नाचने लगे वीरभद्र सिंह

शिमला। हिमाचल प्रदेश की विधानसभा में गुरुवार को मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा हंगामा किए जाने के बीच राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विरोधियों का मजाक उड़ाने का एक नया तरीका ईजाद किया है।
विधानसभा में विपक्षी पार्टियां उनके खिलाफ नारेबाजी कर रही थीं। यह नारेबाजी बीजेपी और मुख्यमंत्री के पुत्र विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व वाली युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच शिमला में हुई झड़प को लेकर हो रही थी। विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में 29 जनवरी को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण अध्यादेश का विरोध कर रहे थे। मुख्यमंत्री विपक्षी पार्टी के विधायकों के नारों की लय पर ठुमके लगाने लगे। विधानसभा में मुख्यमंत्री को परंपरागत हिमाचली नृत्य करते देखकर सभी अचंभित हो पड़े। उल्लेखनीय है कि पांच दिनों पहले ही मुख्यमंत्री ने अपनी बेटी की शादी की है। विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने उन पर व्यंग्य कसते हुए कहा, 'मुझे पंजाबी आती है और मैं इस बात को लेकर सुनिश्चित हूं कि जल्द ही आपको भी आ जाएगी।' मुख्यमंत्री की छोटी बेटी अपराजिता सिंह का हाल ही में अंगद सिंह से विवाह हुआ है। अंगद सिंह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पौत्र हैं। अमरिंदर सिंह का हिमाचल से लंबा रिश्ता रहा है। वह दो पैतृक बागों के मालिक हैं, पहला बाग नारकंडा के पास कंड्याली में स्थित है जबकि दूसरा बाग सोलन जिले में चैल के पास स्थित दोची में है। इन दोनों ही स्थानों पर वे प्राय: छुट्टियां मनाते हुए दिखते हैं। इस दौरान उनके साथ पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम भी रहती हैं।

(IMNB)