Breaking News

मिठाई के लिए पति पर डाला खौलता हुआ तेल

पुणे. छोटे से घरेलू झगड़े के दौरान एक महिला इतने गुस्से में आ गई कि उसने अपने पति पर खौलता हुआ तेल और पानी डाल दिया। हडपसर पुलिस ने आरोपी महिला सीमा सुरेश मोरे (46 साल) पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया,"शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला के पति सुरेश लक्ष्मण मोरे ने उसे मिठाई खाने से मना किया था क्योंकि उसे डायबीटीज है। इस बात को लेकर महिला दुखी थी। मंगलवार की शाम उनका बेटा मंदिर से आया। उसने प्रसाद के तौर पर मिठाई अपने पिता को दी। इस पर महिला ने भी बेटे से प्रसाद मांगा लेकिन महिला के पति ने बेटे से कहा कि वह अपनी मां को मिठाई न दे। सुरेश ने सीमा को मिठाई खाने से मना किया क्योंकि उसका शुगर लेवल हाई था। इसी को लेकर महिला और उसके पति में झगड़ा हो गया।" बुधवार की सुबह भी सीमा इसी बात को लेकर नाराज थी। इसका बदला लेने के लिए उसने सुरेश पर खौलता हुआ तेल और गर्म पानी डाल दिया, जब वह सो रहा था। इतना ही नहीं उसने कमरे का दरवाजा भी बाहर से लॉक कर दिया। पुलिस ने बताया,"सुरेश सीमा के सामने बार-बार गिड़गिड़ाता रहा कि वह दरवाजा खोले लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर बाद उसने दरवाजा खोला। इसके बाद उनका बेटा अपने पिता को हॉस्पिटल लेकर गया। सुरेश के शरीर का 25 पर्सेंट हिस्सा जल गया है। उसने अपनी पत्नी पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया है।"

 (IMNB)